बायपास के एचआर रिसोर्ट के पास खाली मैदान में बना रहे थे डकैती का प्लान; दरांता,सब्बल, टामी,हथौड़ी, पेंचकस और मिर्ची पाउडर बरामद
इंदौर। बायपास स्थित पेट्रोल पंप को निशाना बनाने से पहले ही कनाडिया पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचकर डकैती की साजिश का खुलासा किया है। आरोपी एचआर रिसोर्ट बायपास के पास खाली मैदान में घेरा बनाकर बैठे थे और पेट्रोल पंप पर हथियारों के साथ लूट की योजना बना रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो टीम बनाकर घेराबंदी की और पांचों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक,30 सितंबर की रात सूचना मिली थी कि एचआर रिसोर्ट के पास सर्विस रोड के खाली मैदान में चार-पांच युवक हथियारों से लैस होकर बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहर्ष यादव के नेतृत्व में दो टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया। भागने के दौरान राणा मकवाना के हाथ में चोट भी लगी।
किसी के हाथ में दरांता, कोई लेकर आया था सब्बल
तलाशी में राणा मकवाना से लोहे का दरांता,दीपक रघुवंशी से 100 ग्राम मिर्ची पाउडर, श्याम सोलंकी से पेंचकस और करीब दो फीट की लोहे की टामी, सोहन से लोहे की हथौड़ी और श्याम बिहारीलाल से करीब चार फीट लंबा लोहे का सब्बल बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि पांचों एकमत होकर हथियारों के साथ पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बना रहे थे। मामले में थाना कनाडिया में धारा 310(4) 310(5) के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
एक आरोपी पर पहले से तीन मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राणा मकवाना के खिलाफ लसूडिया और तेजाजीनगर थाने में एनडीपीएस, अपहरण/बलात्कार तथा लूट सहित तीन मामले दर्ज हैं। वहीं दीपक रघुवंशी के खिलाफ भंवरकुआं थाने में आबकारी अधिनियम का मामला दर्ज है। पुलिस पांचों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि पेट्रोल पंप को ही निशाना बनाने की वजह क्या थी और क्या वे पहले भी किसी वारदात में शामिल रहे हैं।