← वापस
इंदौर

पेट्रोल पंप पर देर रात बदमाशों का धावा, जमकर तोड़फोड़  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
पेट्रोल पंप पर देर रात बदमाशों का धावा, जमकर तोड़फोड़

 

सीसीटीवी में कैद हुई गुंडागर्दी; नकदी चोरी की भी आशंका,पुलिस ने शुरू की तलाश

इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर धावा बोलकर जमकर उत्पात मचाया। तिरुपति नगर स्थित पेट्रोल पंप में घुसे बदमाशों ने परिसर में तोड़फोड़ की। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

  बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप अग्रवाल समाज केंद्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष राजेश बंसल का है। संचालक ने मामले की लिखित शिकायत एरोड्रम थाने में की है। शिकायत में तोड़फोड़ के साथ पेट्रोल पंप से नकदी चोरी होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि कितनी रकम गायब है, इसका खुलासा जांच और हिसाब-किताब के सत्यापन के बाद ही होगा।

  सूचना मिलते ही एरोड्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान शुरू कर दी है। फुटेज में कुछ आरोपी परिसर में तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं।

   पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों के हुलिए और गतिविधियों की जांच कर रही है। साथ ही पेट्रोल पंप से नकदी या अन्य सामान गायब हुआ है या नहीं,इसका भी सत्यापन किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।

खबरें और भी हैं...