← वापस
इंदौर

पटवारी बोले- इंदौर के बाद हर जिले में होगी ‘छात्रों की गूंज’  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
पटवारी बोले- इंदौर के बाद हर जिले में होगी ‘छात्रों की गूंज’

 

शिक्षा-रोजगार के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा; होर्डिंग मामले में शहर से मांगी माफी, मिमिक्री विवाद पर दी सफाई

इंदौर। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के एक दिन बाद रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेसवार्ता कर कार्यक्रम को लेकर पार्टी का पक्ष रखा। पटवारी ने कहा कि इंदौर में युवाओं की जिस तरह भागीदारी रही, उससे छात्रों की समस्याओं को लेकर देश में नई बहस शुरू हुई है। अब कांग्रेस इस आवाज को प्रदेश के हर जिले तक ले जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

  पटवारी ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि विद्यार्थियों को केजी से पीजी तक बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो। स्कूल स्तर से ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही दिशा मिलनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवालों को लेकर सरकार से जवाब मांगा और कहा कि युवाओं के मुद्दे आगे भी कांग्रेस के प्रमुख एजेंडे में रहेंगे।

  कार्यक्रम को लेकर सरकार की ओर से की गई आलोचनाओं पर पटवारी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मंच पर आए युवाओं और उठाए गए मुद्दों की जांच की जा सकती है, लेकिन छात्रों की समस्याओं पर सवाल उठाना गलत नहीं है। उन्होंने महिला आरक्षण समेत अन्य मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा।

  कार्यक्रम के होर्डिंग को लेकर पटवारी ने इंदौर शहर से माफी मांगी। मिमिक्री कलाकार को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और मिमिक्री मनोरंजन का माध्यम है। प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और शोभा ओझा भी मौजूद थीं।

खबरें और भी हैं...