तीन पटवारियों की सेवा समाप्ति से भड़का गुस्सा; स्वामित्व योजना में रजिस्ट्री के दबाव का विरोध, 8 घंटे तक डटे रहे कर्मचारी
देवास/गुना। स्वामित्व योजना में रजिस्ट्री निष्पादन को लेकर कथित दबाव और तीन परिवीक्षाधीन पटवारियों की सेवा समाप्ति के विरोध में बुधवार को प्रदेशभर के पटवारी सड़कों पर उतर आए। देवास में करीब 3 हजार पटवारी कलेक्टर कार्यालय परिसर में जुटे,जबकि गुना में पटवारियों ने कलेक्टोरेट के मुख्य गेट पर दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी हुई।
देवास में पटवारी करीब 8 घंटे तक कलेक्टर कार्यालय परिसर में डटे रहे। ADM, SDM और तहसीलदार समेत वरिष्ठ अधिकारियों के बाहर निकलते ही प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। पटवारियों ने तीनों कर्मचारियों की सेवा तत्काल बहाल करने की मांग की। आंदोलन के दौरान परिसर में ही हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और पटवारियों ने पास में खाना बनाकर भोजन भी किया। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
स्वामित्व योजना पर सबसे ज्यादा नाराजगी
पटवारी संघ का कहना है कि स्वामित्व योजना के तहत तैयार पट्टों में कई त्रुटियां हैं। इसके बावजूद पटवारियों को रजिस्ट्री के प्रस्तावक बनाने की जिम्मेदारी दी जा रही है। संघ का आरोप है कि खामियां दूर किए बिना रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
गुना में कलेक्टर को बुलाने पर अड़े
गुना में पटवारियों ने कलेक्टर से मौके पर आकर उनकी बात सुनने और निलंबन आदेश वापस लेने की मांग की। अधिकारियों ने समझाइश का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। पटवारी संघ ने सेवा बहाली के साथ स्वामित्व योजना की विसंगतियां दूर करने की मांग उठाई है।