17 को नितिन नबीन के 3 कार्यक्रम, 17-18 सितंबर को उज्जैन में मोहन भागवत
इंदौर। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले मध्य प्रदेश में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ युवाओं और संगठन से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 17 सितंबर को मध्य प्रदेश आएंगे। उनके मंदसौर, इंदौर और उज्जैन में 3 कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसी दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत 17 और 18 सितंबर को उज्जैन में रहेंगे। वे स्वयंसेवकों के साथ बैठक के अलावा ‘युवा धर्म संसद’ में युवाओं से संवाद करेंगे। नितिन नबीन के उज्जैन दौरे के दौरान डॉ. भागवत से मुलाकात की संभावना भी जताई जा रही है, हालांकि अभी इसका कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। दोनों नेताओं के कार्यक्रम राहुल गांधी के इंदौर दौरे से ठीक पहले हो रहे हैं।
नबीन मंदसौर, इंदौर, उज्जैन में
भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह पहला मध्य प्रदेश दौरा होगा। उनके लिए केंद्रीय नेतृत्व को 3 प्रमुख कार्यक्रमों का प्रस्ताव भेजा गया है। इंदौर में ग्रामीण क्षेत्रों की आवासीय भूमि की निशुल्क रजिस्ट्री से जुड़ी स्वामित्व योजना की शुरुआत प्रस्तावित है। इसके जरिए ग्रामीण आबादी को उनकी जमीन का मालिकाना हक देने की योजना है। प्रदेश में करीब 50 लाख लोगों को इसका लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। मंदसौर के गांधी सागर अभयारण्य में चीतों को छोड़ने का कार्यक्रम भी नबीन के दौरे में शामिल किए जाने का प्रस्ताव है। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत होगा। हालांकि कार्यक्रम की तारीख और समय को लेकर अंतिम निर्णय अभी बाकी है।
उज्जैन में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान के तहत बड़ा दीपोत्सव प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर क्षिप्रा नदी के घाटों और महाकाल लोक क्षेत्र में करीब 25 लाख दीप जलाए जाएंगे। नितिन नबीन के इस आयोजन में शामिल होने की संभावना है।
भागवत का दो दिन का प्रवास
आरएसएस प्रमुख डॉ मोहन भागवत 17 और 18 सितंबर को उज्जैन में रहेंगे। 17 सितंबर को वे महाकाल परिसर स्थित अरविंद नगर में उज्जैन महानगर के स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। संगठन के विस्तार, गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा हो सकती है। 18 सितंबर को सुबह 11 बजे देवास रोड स्थित गीता भवन में सेवाज्ञ संस्थानम् की ओर से आयोजित ‘युवा धर्म संसद’ में भागवत युवाओं से संवाद करेंगे। राष्ट्र, समाज, संस्कृति और युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर उनकी बात होने की संभावना है। उनके ‘आराधना भवन’ जाने की भी चर्चा है। नितिन नबीन और मोहन भागवत की मुलाकात को लेकर भी संगठन स्तर पर चर्चा है, लेकिन फिलहाल इसकी कोई औपचारिक जानकारी सामने नहीं आई है।