बिना लाइसेंस जमा थे 197 कार्टून पटाखे, लोडिंग वाहनों से सप्लाई की सूचना पर राजेंद्र नगर पुलिस ने की कार्रवाई
इंदौर। रहवासी इलाके में बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण कर उनकी सप्लाई किए जाने का मामला सामने आया है। राजेंद्र नगर पुलिस ने आनंद विहार कॉलोनी के गेट नंबर-2 के पास स्थित एक गोदाम पर कार्रवाई कर 2 लाख 62 हजार रुपए कीमत के 197 कार्टून पटाखे जब्त किए। गोदाम के आसपास रहवासी क्षेत्र होने से यहां पटाखों का अवैध भंडारण लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता था।
पुलिस के मुताबिक,मुखबिर से सूचना मिली थी कि कॉलोनी के पास स्थित गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखे जमा किए गए हैं और लोडिंग वाहनों के माध्यम से उनकी सप्लाई की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए राजेंद्र नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गोदाम की जांच की। यहां विभिन्न कंपनियों के पटाखे और अन्य आतिशबाजी सामग्री बड़ी मात्रा में रखी मिली।
पुलिस ने गोदाम संचालक से पटाखों के भंडारण का वैध लाइसेंस मांगा, लेकिन वह लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मौके से सभी 197 कार्टून पटाखे जब्त कर लिए।
आरोपी पर केस दर्ज
मामले में पुलिस ने रवि निवासी 45 वीर सावरकर नगर, इंदौर के विरुद्ध धारा 287 और 223 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी(1) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में आगे विवेचना की जा रही है। अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जार रहेगी।