संपदा 2.0 के बावजूद चल रही थी टोकन की अलग एंट्री, रजिस्टर जब्त; अनियमितताओं पर कार्रवाई के निर्देश
दमोह। रजिस्ट्री कार्यालय में अनियमितताओं और अतिरिक्त शुल्क वसूली की शिकायतों पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संपदा 2.0 पोर्टल से ऑनलाइन टोकन व्यवस्था होने के बावजूद अलग रजिस्टर में प्रविष्टियां किए जाने का मामला सामने आया। कलेक्टर के निर्देश पर रजिस्टर जब्त कर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
टेबल पर मिली राशि, जांच के बाद खुलेगा मामला
निरीक्षण के दौरान चेंबर में रखी राशि को लेकर भी पूछताछ हुई। युवक और सर्विस प्रोवाइडर के बयानों में राशि के संबंध में अलग-अलग बातें सामने आईं। राशि के स्रोत और उद्देश्य की जांच पुलिस के माध्यम से कराई जाएगी।
जमीन हस्तांतरण में गड़बड़ी की शिकायतें
बिना अनुमति नजूल और पट्टे की जमीन बेचने, मिलते-जुलते नामों के जरिए भूमि हस्तांतरण तथा मकान की जगह केवल प्लॉट की रजिस्ट्री दर्शाने जैसी शिकायतों की भी जांच होगी।
शुल्क बोर्ड लगेंगे, मनमानी वसूली पर रोक
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली बर्दाश्त नहीं होगी। नागरिकों को शुल्क की जानकारी देने के लिए कार्यालयों में सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को अनधिकृत गतिविधियां रोकने और पंजीयन प्रक्रिया पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।