← वापस
इंदौर

राजस्थान से देवास होते हुए इंदौर पहुंची MD ड्रग्स की खेप, 100 ग्राम से ज्यादा के साथ दो पकड़े  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
राजस्थान से देवास होते हुए इंदौर पहुंची MD ड्रग्स की खेप, 100 ग्राम से ज्यादा के साथ दो पकड़े

 

खजराना पुलिस ने बाइक भी की जब्त; 26 वर्षीय युवक के साथ बाल अपचारी गिरफ्तार, सप्लायर और पूरे नेटवर्क की तलाश

      इंदौर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खजराना पुलिस ने एमआर-10 रोड स्थित शहीद पेट्रोल पंप के पास कार्रवाई करते हुए 100 ग्राम से ज्यादा MD ड्रग्स के साथ एक युवक और बाल अपचारी को पकड़ा है। जब्त ड्रग्स की कीमत 10 लाख रुपए से ज्यादा बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत की टीवीएस बाइक भी बरामद की है।

    पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक ड्रग्स लेकर पेट्रोल पंप के पास खड़े हैं। टीम मौके पर पहुंची तो दोनों भागने लगे। घेराबंदी कर उन्हें पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें MD ड्रग्स बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय राहुल परमार निवासी चाणक्यपुरी, देवास के रूप में हुई है। उसके साथ एक बाल अपचारी भी पकड़ा गया।

    पूछताछ में आरोपियों के नशे के आदी होने और नशे की लत पूरी करने के साथ जल्दी पैसा कमाने के लिए ड्रग्स बेचने की बात सामने आई है। पुलिस को खेप के राजस्थान से देवास होते हुए इंदौर पहुंचने की जानकारी मिली है। अब सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है। मामले में थाना खजराना में अपराध क्रमांक 676/26, धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

     डीसीपी अमन सिंह राठौर ने कहा कि पूछताछ में सामने आने वाले अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...