इंदौर। राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही अब अधिकारियों-कर्मचारियों पर भारी पड़ेगी। कलेक्टर शिवम वर्मा ने शनिवार को राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दो टूक कहा कि प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में लापरवाही सामने आने पर मल्हारगंज तहसीलदार के रीडर रश्मि सोलंकी को निलंबित करने के निर्देश दिए गए, जबकि हातोद तहसीलदार गोविंद सिंह ठाकुर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलेभर के लंबित राजस्व प्रकरणों की अधिकारीवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अविवादित एवं विवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन मामलों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अविवादित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए, जबकि विवादित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समय-सीमा में निर्णय लिया जाए।
सीएम हेल्पलाइन में औपचारिकता नहीं, समस्या का समाधान जरूरी
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण दर्ज करना स्वीकार नहीं होगा। आवेदक की वास्तविक समस्या का समाधान होना चाहिए। आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित रखने या गलत निराकरण दर्ज करने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
अभिलेखों की गलती सुधारने के निर्देश
कलेक्टर ने राजस्व अभिलेखों की दुरुस्ती के काम को भी प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर नियमानुसार उसे समय पर सुधारा जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कोर्ट केस में शासन का पक्ष मजबूती से रखें
शासकीय भूमि समेत न्यायालयों में विचाराधीन अन्य राजस्व मामलों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि न्यायालयीन प्रकरणों में शासन का पक्ष समय पर और मजबूती से रखा जाए। जवाब प्रस्तुत करने में देरी या लापरवाही पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
हर क्षेत्र में लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग
कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और उनके निराकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग सीधे आम नागरिकों से जुड़ा है, इसलिए लोगों को समय पर और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रिंकेश वैश्य, रोशन राय सहित अन्य राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।