हाइड्रोलिक मशीन से कुछ ही मिनट में सफाया
इंदौर। राजवाड़ा क्षेत्र में बैंक भवन का जर्जर छज्जा गुरुवार सुबह नगर निगम ने हटा दिया। मंगलवार रात छज्जे का हिस्सा गिरने के बाद निगम की रिमूवल टीम हाइड्रोलिक मशीन और पोकलेन लेकर यशवंत रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की इमारत पहुंची। महालक्ष्मी मंदिर के पास भवन के कमजोर हिस्से को मशीन की मदद से तोड़कर सुरक्षित किया गया। कार्रवाई कुछ ही देर में पूरी हो गई। हालांकि, मौके पर मलबा अब भी पड़ा हुआ है।
नीचे बस स्टॉप, दिनभर रहती है भीड़
भवन के नीचे सड़क किनारे सिटी बस सहित अन्य लोक परिवहन साधनों का स्टॉप है। यहां दिनभर यात्रियों और राहगीरों की भीड़ रहती है। ऐसे में जर्जर छज्जा किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। निगम की कार्रवाई के बाद फिलहाल खतरा टल गया है।
एक दिन पहले निगम ने दी थी अलग सफाई
मंगलवार रात छज्जे का हिस्सा गिरने के बाद बुधवार को निगम की ओर से कहा गया था कि हिस्सा दुर्घटनावश नहीं गिरा, बल्कि बैंक प्रबंधन भवन के खतरनाक हिस्से को हटवा रहा था। इसके अगले ही दिन निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसी जर्जर हिस्से को तोड़ दिया। इससे निगम की पिछली सफाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब सवाल यह है कि क्या भवन के बाकी हिस्से की भी तकनीकी जांच होगी या फिर कार्रवाई यहीं तक सीमित रहेगी?