2016 में सुरक्षित आवास का सपना दिखाकर यहां लाए 84 परिवार, दीवारों से गिर रहा प्लास्टर; छत के पास बिजली का ट्रांसफार्मर, हादसे का खतरा
इंदौर। शहर को स्मार्ट बनाने के दावों के बीच गांधीनगर क्षेत्र में नगर निगम के अधीन बनी आवासीय इमारतों की बदहाल स्थिति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। वर्ष 2016 में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत राजवाड़ा क्षेत्र की बस्तियों से परिवारों को यहां बेहतर और सुरक्षित आवास देने के उद्देश्य से बसाया गया था। करीब एक दशक बाद हालात ऐसे हैं कि जिन इमारतों को सुरक्षित आशियाना बनना था, वहीं रहवासी अब डर के साए में रहने को मजबूर हैं।
इमारतों की दीवारों से जगह-जगह प्लास्टर गिर रहा है। कई हिस्सों में दीवारें कमजोर और हिलती नजर आती हैं। रहवासियों का कहना है कि तेज बारिश, आंधी या तूफान में इनके गिरने का खतरा बना रहता है। कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें एक घर का कमरा अचानक धंस गया था।
पानी की लाइन के पास खुला गटर, जमीन भी धंस रही
बदहाली केवल इमारत तक सीमित नहीं है। नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है और जगह-जगह कचरा पड़ा है। जिस स्थान से परिवार पीने का पानी भरते हैं, उसके ठीक पास खुला गटर है। पानी की लाइन के आसपास की जमीन लगातार धंसने की बात रहवासी बता रहे हैं। निकली मिट्टी और मलबे से गड्ढा भरने का प्रयास किया गया है, लेकिन बच्चों के लिए भी यहां खतरा बना हुआ है।
छत की कमजोर दीवार के पास बिजली का ट्रांसफार्मर
सबसे गंभीर स्थिति छत की जर्जर दीवार को लेकर है। इसके पास ही बिजली का ट्रांसफार्मर लगा है। दीवार गिरने पर बिजली संबंधी दुर्घटना और आगजनी का खतरा हो सकता है। करीब 84 परिवार यहां रह रहे हैं। बाथरूम की जमीन भी धंसने की शिकायत है।
रहवासियों का कहना है कि नगर निगम अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया जा चुका है। अधिकारी निरीक्षण कर काम शुरू होने की बात कह चुके हैं। सवाल यह है कि शहर में दूसरे जर्जर भवनों पर कार्रवाई करने वाला निगम अपने ही आवासीय भवनों की सुध कब लेगा?