इंदौर। नगर निगम इंदौर इस वर्ष श्री गणेश उत्सव को हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाने की तैयारी में जुट गया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव के निर्देशन में सामान्य प्रशासन विभाग एवं श्री गणेश उत्सव समिति की बैठक महापौर सभाकक्ष में प्रभारी नंदकिशोर पहाड़िया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में गणेश स्थापना से लेकर अनंत चतुर्दशी के चल समारोह तक की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रभारी नंदकिशोर पहाड़िया ने बताया कि गणेश स्थापना के अवसर पर राजवाड़ा से नगर निगम प्रांगण तक निकलने वाले जुलूस को भव्य स्वरूप दिया जाएगा। इसमें आकर्षक झांकी, बैंड-बाजे और वाद्य दल की व्यवस्था के साथ प्रतिदिन पूजा-अर्चना एवं आरती की तैयारियों पर भी विचार किया गया। झांकी निर्माण को लेकर भी समिति सदस्यों ने सुझाव दिए।
बैठक में अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले चल समारोह में निगम की झांकी के साथ की जाने वाली व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। उत्सव के दौरान निगम प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा नगर निगम कर्मचारियों के बच्चों ने परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, उनके सम्मान समारोह के आयोजन पर भी सहमति बनाने के लिए विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पार्षद भावना चौधरी, संगीता महेश जोशी,अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, सचिव राजेंद्र गरोठिया सहित समिति के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।