इंदौर। शहर में शुक्रवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम को पूरी तरह खुशनुमा बना दिया। सुबह से ही आसमान पर घने बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश का दौर चलता रहा। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस व गर्मी से बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में शहर और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।
बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों को धीमी गति से सफर करना पड़ा। हालांकि लगातार बारिश नहीं होने से जनजीवन सामान्य बना रहा। शहर के पार्कों,तालाबों और हरियाली वाले क्षेत्रों में लोगों ने सुहाने मौसम का आनंद लिया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले तक इंदौर पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहा था। नर्मदा परियोजना से जुड़ी पाइपलाइन और जलापूर्ति व्यवस्था में आई तकनीकी दिक्कतों के कारण कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई थी। कई कॉलोनियों में निर्धारित समय पर पानी नहीं पहुंचा, जिससे लोगों को टैंकरों और वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ा। नगर निगम ने मरम्मत कार्य पूरा कर जलापूर्ति को धीरे-धीरे सामान्य किया था।
अब मानसून की सक्रियता बढ़ने और लगातार हो रही बारिश से शहर के जलाशयों में पानी की आवक बढ़ने की उम्मीद है। इससे आने वाले दिनों में जलसंकट की स्थिति में और सुधार होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है।