← वापस
इंदौर

रक्षाबंधन पर क्राइम ब्रांच ने लौटाई खुशियां, 75 लाख के 238 गुम मोबाइल मालिकों को सौंपे  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
रक्षाबंधन पर क्राइम ब्रांच ने लौटाई खुशियां, 75 लाख के 238 गुम मोबाइल मालिकों को सौंपे

 

इंदौर। रक्षाबंधन के पर्व पर इंदौर क्राइम ब्रांच ने 238 लोगों के चेहरों पर खुशी लौटाई। साइबर सेल ने तकनीकी जांच और निगरानी के जरिए गुम हुए 238 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपए है। इनमें आईफोन, वनप्लस, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रेडमी और रियलमी सहित कई कंपनियों के महंगे मोबाइल शामिल हैं।

क्राइम ब्रांच ने ये मोबाइल इंदौर के अलावा मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों तथा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत अन्य राज्यों से बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक 1045 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।

  साइबर सेल ने तकनीकी जांच से खोजे मोबाइल

पुलिस के अनुसार गुम या चोरी हुए मोबाइल की शिकायत नागरिक सहयोग एप और केंद्र सरकार के संचार साथी पोर्टल पर दर्ज की जा सकती है। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल तकनीकी संसाधनों के जरिए मोबाइल की निगरानी और जांच करती है। मोबाइल बरामद होने के बाद संबंधित आवेदक को सूचना देकर उसे विधिवत सुपुर्द किया जाता है।

बरामद 238 मोबाइल में वीवो के 77, ओप्पो के 38, सैमसंग के 29 और वनप्लस के 22 फोन शामिल हैं। अन्य मोबाइल अलग-अलग कंपनियों के हैं।

क्राइम ब्रांच ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं और उपलब्ध ऑनलाइन माध्यमों का भी उपयोग करें, ताकि तकनीकी जांच के जरिए मोबाइल को जल्द खोजा जा सके।

खबरें और भी हैं...