इंदौर। रक्षाबंधन से पहले बाजारों में उमड़ी भीड़ के बीच इंदौर पुलिस की शक्ति मोबाइल टीमें सुरक्षा के साथ मददगार की भूमिका भी निभा रही हैं। 27 अगस्त को संजय सेतु मार्केट में खरीदारी के दौरान मां से बिछड़े मासूम को शक्ति मोबाइल पीसीआर-5 ने सुरक्षित बरामद कर मां से मिलाया। भीड़ में हाथ छूटने के बाद बच्चा अकेला हो गया था। पुलिस ने उसकी जानकारी लेकर आसपास तलाश शुरू की और कुछ ही देर में मां को खोज निकाला।
वहीं शक्ति मोबाइल पीसीआर-7 ने बाजार में गुम हुआ महिला का पर्स भी तलाशकर रुपए सहित सुरक्षित वापस लौटाया। पर्व को देखते हुए पुलिस टीमें प्रमुख बाजारों में लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं। वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा करने के लिए अनाउंसमेंट के साथ संदिग्धों और असामाजिक तत्वों की चेकिंग भी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से बच्चों का ध्यान रखने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।