इंदौर। विजय नगर इलाके में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक युवती रील बनाने के लिए जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटी नजर आ रही है। वह सिग्नल पर वाहनों के रुकने के दौरान उनके आगे पहुंचकर सड़क पर लेट जाती है और कुछ देर के लिए यातायात रोकती दिखाई देती है।
वायरल वीडियो विजय नगर क्षेत्र के पास का बताया जा रहा है। इसमें प्रकृति गौर नाम की इंफ्लुएंसर फोटो और वीडियो शूट करवाती नजर आ रही है। शूट के दौरान वह वाहनों के सामने जाकर जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटती है। इस दौरान सड़क से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है।
क्राइम ब्रांच के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने वीडियो की जांच कराने की बात कही है। उनका कहना है कि इस तरह सड़क पर वीडियो बनाना गलत है और इससे यातायात नियमों का उल्लंघन होता है। पुलिस अब युवती की पहचान और उसके बारे में जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई करेगी।
प्रकृति गौर के सोशल मीडिया खाते पर करीब 8 हजार अनुयायी बताए जा रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वीडियो कब बनाया गया और शूटिंग के दौरान यातायात व्यवस्था किस तरह प्रभावित हुई। अधिकारियों के मुताबिक सड़क पर इस तरह का प्रदर्शन न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे वाहन चालकों के लिए भी परेशानी और हादसे का खतरा पैदा हो सकता है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि युवती के खिलाफ किस प्रावधान के तहत कार्रवाई की जाती है।