← वापस
उत्तर प्रदेश

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली

अब अगले हफ्ते होगी सुनवाई "

एसआईटी पेश करेगी जांच की स्टेटस रिपोर्ट, कोर्ट करेगा प्रगति की समीक्षा

अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई टल गई। अब मामले की सुनवाई अगले सप्ताह होगी। नई एसआईटी को अपनी जांच की स्टेटस रिपोर्ट भी अगले हफ्ते सुप्रीम कोर्ट में पेश करनी है। कोर्ट रिपोर्ट के आधार पर जांच की प्रगति की समीक्षा करेगा। जांच में कोई कमी मिलने या अतिरिक्त दिशा-निर्देश की जरूरत होने पर कोर्ट आगे आदेश जारी कर सकता है।

इधर,अयोध्या कोर्ट में भी आज मंगलवार को मामले की सुनवाई प्रस्तावित है। जेल में बंद 8 आरोपियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी होगी।

नई एसआईटी का गठन,आईजी के नेतृत्व में जांच

इससे पहले 27 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया था कि मामले की जांच के लिए नई एसआईटी गठित की गई है। इसका नेतृत्व आईजी किरण एस कर रहे हैं। टीम में एक डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को भी शामिल किया गया है।

सुप्रीम कोर्ट की चीफ जस्टिस सूर्यकांत,जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने पूछा था कि क्या नई एसआईटी को जांच से जुड़े सभी रिकॉर्ड और दस्तावेजों तक पूरी पहुंच होगी। सॉलिसिटर जनरल ने इसकी पुष्टि की थी।

फोरेंसिक ऑडिटर को शामिल करने के निर्देश

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि जांच को बंद नहीं किया जा रहा है और मामले में जांच को और बेहतर बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए। कोर्ट ने एसआईटी में फोरेंसिक ऑडिटर को शामिल करने का निर्देश दिया। ऑडिटर वित्तीय लेनदेन, खातों और रिकॉर्ड की जांच कर संभावित वित्तीय अनियमितताओं का पता लगाने में मदद करेगा।

कोर्ट ने एसआईटी को निर्धारित अवधि में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के निर्देश दिए थे। अब अगले सप्ताह रिपोर्ट सामने आने के बाद जांच की दिशा और आगे की कार्रवाई पर तस्वीर स्पष्ट होगी।

खबरें और भी हैं...