इंदौर।इंदौर-उज्जैन मार्ग पर सोमवार सुबह रॉन्ग साइड से वाहनों की आवाजाही ने यातायात व्यवस्था पूरी तरह बिगाड़ दी। अरविंदो हॉस्पिटल के सामने से लेकर परली टोल नाका तक करीब एक से डेढ़ घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और हजारों वाहन चालक जाम में फंस गए। सबसे चिंताजनक स्थिति तब बनी, जब एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई और मरीज तक समय पर नहीं पहुंच सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ वाहन चालकों द्वारा रॉन्ग साइड से प्रवेश करने के कारण यातायात पूरी तरह अव्यवस्थित हो गया। देखते ही देखते चारपहिया और दोपहिया वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सुबह कार्यालय, स्कूल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए निकले लोग घंटों सड़क पर फंसे रहे। कई कर्मचारी समय पर ड्यूटी नहीं पहुंच सके, जबकि यात्रियों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
जाम की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कराने के प्रयास शुरू किए। इस दौरान कई जागरूक नागरिकों और वाहन चालकों ने भी पुलिस का सहयोग करते हुए वाहनों को व्यवस्थित कराया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।
गौरतलब है कि इंदौर-उज्जैन मार्ग पर इन दिनों सिक्स लेन सड़क निर्माण कार्य जारी है। निर्माण कार्य के चलते अरविंदो हॉस्पिटल और आसपास के क्षेत्र में आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि रॉन्ग साइड वाहन चालकों पर सख्ती और निर्माण क्षेत्र में बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन नहीं किया गया, तो भविष्य में इससे भी गंभीर हालात बन सकते हैं।