← वापस
धार

रास्ता निगला, निर्माण बढ़ा!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
रास्ता निगला, निर्माण बढ़ा!

 

पंचायत ने 1218 वर्गफीट की दी अनुमति, मौके पर 1560 वर्गफीट निर्माण का आरोप; एक आम रास्ता बंद, दूसरा 4 फीट संकरा

धार। ग्राम पंचायत टवलाई बुजुर्ग के बस स्टैंड क्षेत्र में मकान निर्माण की आड़ में आम रास्तों पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने सुरेशचंद्र सेन और नीतेश सेन पर पंचायत से निर्धारित क्षेत्रफल से अधिक जमीन पर निर्माण करने और आम रास्तों को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के अनुसार, अतिक्रमण के चलते एक आम रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है, जबकि पश्चिम दिशा का दूसरा रास्ता करीब 4 फीट संकरा हो गया है। इससे ग्रामीणों, किसानों और आदिवासी परिवारों को बैलगाड़ी, ट्रैक्टर सहित अन्य वाहनों की आवाजाही में परेशानी हो रही है।

   1218 की अनुमति, 1560 वर्गफीट में निर्माण का आरोप

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, सुरेशचंद्र सेन और नीतेश सेन पुराने मकान को तोड़कर नया निर्माण कर रहे हैं। मकान बनाने पर ग्रामीणों को आपत्ति नहीं है, लेकिन आरोप है कि निर्धारित सीमा से बाहर निर्माण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत टवलाई बुजुर्ग ने 21 गुणा 58 वर्गफीट यानी 1218 वर्गफीट का प्रमाण-पत्र दिया है। इसके बावजूद मौके पर करीब 24 गुणा 65 वर्गफीट यानी 1560 वर्गफीट क्षेत्र में निर्माण किए जाने का आरोप है।

    शिकायत के बाद भी नहीं रुका निर्माण

ग्रामीणों ने 7 अगस्त को ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत उमरबन और तहसील कार्यालय मनावर में शिकायत की थी। इसके बाद हल्का पटवारी ने 10 अगस्त को मौके पर निर्माणकर्ता को अवैध निर्माण हटाने की मौखिक हिदायत दी। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद निर्माण जारी रहा। बाद में साइड के आम रास्ते की ओर करीब 3 फीट की अतिरिक्त गैलरी भी निकाल दी गई।

   रास्ता निगला, निर्माण बढ़ा!

  - 2

कार्रवाई नहीं हुई तो दोनों रास्तों पर संकट

ग्रामीणों ने प्रशासन को दिए आवेदन में आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो दोनों रास्तों की चौड़ाई और कम हो सकती है और भविष्य में इनके पूरी तरह बंद होने की स्थिति बन सकती है। इससे विवाद की स्थिति भी पैदा होने की आशंका है। ग्रामीणों ने मौके का निरीक्षण कर वास्तविक निर्माण क्षेत्रफल की जांच कराने तथा निर्धारित सीमा से बाहर निर्माण पाए जाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की मांग की है।

खबरें और भी हैं...