मूंग की अंतिम टीसी की एनओसी के बदले मांगे थे 1.30 लाख, 90 हजार लेते लोकायुक्त ने दबोचा
नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश वेयरहाउस एंड लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन में रिश्वतखोरी के मामले में लोकायुक्त ने मंगलवार शाम कार्रवाई करते हुए सर्वेयर विपिन सिंह को 90 हजार रुपए लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। मामले में ब्रांच मैनेजर भरत यादव की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि मूंग की अंतिम टीसी (ट्रांसपोर्ट कम्पलीट) की एनओसी जारी करने के बदले दोनों ने 1 लाख 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत जासलपुर सेवा सहकारी समिति के सहायक प्रबंधक संदीप परसाई ने लोकायुक्त भोपाल में की थी। शिकायत के बाद टीम ने करीब चार दिन तक ग्रामीण वेशभूषा में अलग-अलग कामों के बहाने ब्रांच कार्यालय की गतिविधियों पर नजर रखी।
शिकायत के अनुसार, पांच दिन पहले गुरुवार को संदीप ने 40 हजार रुपए नकद दिए थे, जिसका वीडियो भी बनाया गया था। शेष 90 हजार रुपए मंगलवार को देने तय हुए। योजना के मुताबिक ब्रांच मैनेजर और सर्वेयर ने संदीप को मीनाक्षी चौक के पास एक होटल में बुलाया। शाम करीब 4:30 बजे सर्वेयर विपिन सिंह ने जैसे ही 90 हजार रुपए लिए, लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद टीम सर्वेयर को वेयरहाउस कॉर्पोरेशन कार्यालय लेकर पहुंची, जहां देर शाम तक जांच जारी रही। कार्रवाई लोकायुक्त निरीक्षक रजनी सिंह और जीएस मस्कोले के नेतृत्व में की गई।