← वापस
इंदौर

राष्ट्रीय सैनिक सम्मान के लिए दिल्ली रवाना हुए 21 पूर्व सैनिक  

राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
राष्ट्रीय सैनिक सम्मान के लिए दिल्ली रवाना हुए 21 पूर्व सैनिक

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में 22 अगस्त को होगा राष्ट्रीय चिंतन एवं सैनिक सम्मान समारोह

इंदौर। देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को समर्पित राष्ट्रीय सैनिक सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए मध्यप्रदेश के 21 शहीद एवं भूतपूर्व सैनिकों का दल शुक्रवार को दिल्ली रवाना हुआ। नई दिल्ली में 22 अगस्त को राष्ट्र चिंतक एवं प्रखर वक्ता मुनिश्री 108 विनम्र सागर जी महाराज के आयोजन में राष्ट्रीय चिंतन एवं राष्ट्रीय सैनिक सम्मान समारोह होगा।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। इसके साथ सर्वोच्च वीर एवं परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र यादव और संजय कुमार सहित अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे। आयोजन का उद्देश्य देश में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।

    2023 में खजुराहो, 2024 में इंदौर के बाद अब दिल्ली

मुनिश्री विनम्र सागर जी महाराज ने समाज और देश में राष्ट्रभावना जागृत करने के उद्देश्य से धर्म प्रचार के साथ हर वर्ष राष्ट्रीय चिंतन एवं सैनिक सम्मान कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में 2023 में खजुराहो, 2024 में इंदौर और अब 2026 में नई दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

   रेलवे स्टेशन पर हुआ जोरदार स्वागत

एक्स सर्विसमैन वेलफेयर सोसाइटी मध्यप्रदेश, शहीदों और भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण एवं सेवा कार्यों के लिए प्रदेश स्तर पर सक्रिय है। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन के लिए मध्यप्रदेश से 21 शहीद एवं भूतपूर्व सैनिकों का चयन किया गया है।

दिल्ली रवाना होने से पहले इंदौर रेलवे स्टेशन पर सैनिक दल का स्वागत किया गया। संभाग प्रभारी कृष्णगोपाल सिंघवी, कैप्टन जितेंद्र सिंह, सुरेश सिंह तंवर, अभिजीत ठाकुर, जितेंद्र सिंह बुंदेला और राजेश परमार सहित अन्य लोगों ने सैनिकों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से रेलवे स्टेशन गूंज उठा।

पूर्व सैनिकों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सैनिक सम्मान के ऐसे आयोजन से देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले जवानों के प्रति समाज में सम्मान और नई पीढ़ी में राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत होती है।

खबरें और भी हैं...