← वापस
मध्यप्रदेश

रेत माफिया पर प्रशासन का शिकंजा: सुबह-सुबह छापेमारी में 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
रेत माफिया पर प्रशासन का शिकंजा: सुबह-सुबह छापेमारी में 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

 

कलेक्टर के निर्देश पर शहर की सीमा के तिराहों-चौराहों पर कार्रवाई, झांसी रोड और सिरोल थाना क्षेत्र में पकड़े गए वाहन

ग्वालियर। जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार सुबह बड़ा अभियान चलाते हुए रेत से भरे 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए। शहर की सीमा पर स्थित प्रमुख तिराहों और चौराहों पर की गई संयुक्त छापामार कार्रवाई के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के रेत का परिवहन कर रहे वाहनों को पकड़कर संबंधित पुलिस थानों की अभिरक्षा में भेज दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।

कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर सुबह करीब 7 बजे एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह के नेतृत्व में राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विक्की फैक्ट्री तिराहा, हुरावली चौराहा सहित शहर की सीमा से जुड़े कई प्रमुख मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान रेत से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की जांच की गई। आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर लिए गए।

रेत माफिया पर प्रशासन का शिकंजा: सुबह-सुबह छापेमारी में 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

  - 2

प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम यादव ने बताया कि कार्रवाई के दौरान झांसी रोड थाना क्षेत्र से 7 और सिरोल थाना क्षेत्र से 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई हैं। सभी वाहनों को संबंधित पुलिस थानों की अभिरक्षा में रखा गया है। प्रकरणों में खनिज अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

संयुक्त कार्रवाई में एसडीएम अतुल सिंह, तहसीलदार कुलदीप दुबे, प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम यादव, राजस्व विभाग के अधिकारी तथा पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सघन अभियान चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी

खबरें और भी हैं...