हॉटस्पॉट से लेकर शेडो एरिया तक पुलिस की दबिश; 275 वारंट तामील, नशे में वाहन चलाने वाले 147 ड्राइवरों पर केस
इंदौर। अपराधियों पर शिकंजा कसने और शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए इंदौर पुलिस ने शनिवार रात अचानक सघन चेकिंग अभियान चलाया। 22-23 अगस्त की दरमियानी रात चारों जोन में पुलिस की टीमें सड़कों पर उतरीं। हॉटस्पॉट, मल्टी, शेडो एरिया और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त के साथ बाइक पेट्रोलिंग और ड्रोन से निगरानी की गई। अभियान में 1218 से ज्यादा गुंडे-बदमाश और असामाजिक तत्वों की जांच की गई, जबकि 524 के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने अलग-अलग मामलों में वांछित आरोपियों के 275 वारंट तामील कराए। इनमें 85 स्थाई, 76 गिरफ्तारी और 114 जमानती वारंट शामिल हैं। शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। धारा 185 के तहत 147 वाहन चालकों पर केस दर्ज किए गए। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के 24 और अवैध मादक पदार्थों के सेवन के 3 मामले भी सामने आए। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में 75 बदमाशों और असामाजिक तत्वों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया।
बदमाशों को थाने बुलाकर भरवाए डोजियर
पुलिस ने 210 गुंडे-बदमाश, 86 चाकूबाज, 73 नकबजन, 30 लूट के आरोपी, 130 निगरानी बदमाश और 36 जिलाबदर बदमाशों समेत 565 से अधिक संदिग्धों की चेकिंग की। सक्रिय अपराधियों को थाने बुलाकर उनका डोजियर तैयार कराया गया। पुलिस ने उन्हें रेड और यलो नोटिस जारी कर अपराध से दूर रहने की हिदायत दी। दोबारा अपराध करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। कई बदमाशों से अपराध नहीं करने की शपथ भी दिलाई गई।
हूटर-ब्लैक फिल्म और मॉडिफाइड साइलेंसर पर भी शिकंजा
अभियान के दौरान वाहनों पर ब्लैक फिल्म, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों पर भी चालानी कार्रवाई हुई। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में चले अभियान का उद्देश्य अपराधियों की लगातार निगरानी और शहर में पुलिस की मौजूदगी मजबूत करना रहा। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और सक्रिय अपराधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।