← वापस
इंदौर

रिटायरमेंट के बाद अग्निवीरों की फीस माफ करेगी डीएवीवी  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
रिटायरमेंट के बाद अग्निवीरों की फीस माफ करेगी डीएवीवी

 

तीनों सेनाओं के जवानों को भी मिलेगा लाभ; कार्यपरिषद ने परफॉर्मिंग आर्ट्स विभाग समेत कई प्रस्तावों को दी मंजूरी

  इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद ने अग्निवीरों और सैन्यकर्मियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब सेवानिवृत्ति के बाद कोई अग्निवीर विश्वविद्यालय के किसी भी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेता है तो उसकी शिक्षण शुल्क विश्वविद्यालय माफ करेगा। तीनों सेनाओं के जवानों को उच्च शिक्षा से जोड़ने की दिशा में इसे अहम पहल माना जा रहा है।

कार्यपरिषद की बैठक में विश्वविद्यालय से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें परफॉर्मिंग आर्ट्स विभाग के भवन निर्माण, पूर्व कुलपति एसएम दासगुप्ता की स्मृति में कक्ष के नवीनीकरण और गंभीर बीमारी अथवा दिव्यांगता की स्थिति में विद्यार्थियों को मिलने वाली आर्थिक सहायता की समीक्षा प्रमुख हैं।

    डेढ़ करोड़ से बनेगा परफॉर्मिंग आर्ट्स भवन

कुलपति राकेश सिंघई ने बताया कि विश्वविद्यालय में परफॉर्मिंग आर्ट्स का नया विभाग स्थापित किया गया है। इसके भवन के निर्माण के लिए लॉर्ड ऑफ जैन पतालिया ट्रस्ट ने करीब डेढ़ करोड़ रुपए दान दिए हैं। इसी राशि से भवन के एक हिस्से का निर्माण किया जाएगा।

    पूर्व कुलपति दासगुप्ता की स्मृति में होगा कक्ष

आईईटी के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के कुछ बैच के विद्यार्थियों ने वहां स्थित कक्ष/सभागार के नवीनीकरण का प्रस्ताव रखा था। विद्यार्थियों की इच्छा के अनुसार इसे पूर्व कुलपति एसएम दासगुप्ता के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी कार्यपरिषद ने मंजूरी दे दी।

   गंभीर बीमारी और दिव्यांगता सहायता की होगी समीक्षा

विश्वविद्यालय में गंभीर बीमारी और दिव्यांगता की स्थिति में विद्यार्थियों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता व्यवस्था की समीक्षा के लिए नई समिति बनाई जाएगी। समिति मौजूदा नियमों और सहायता राशि का आकलन कर जरूरत के अनुसार राशि बढ़ाने पर विचार करेगी। बीमा आधारित सहायता को योजना में शामिल करने की संभावना भी देखी जाएगी।

     कार्यपरिषद सदस्यों ने मानदेय किया दान

बैठक में कार्यपरिषद सदस्यों ने आज मिलने वाला अपना मानदेय विद्यार्थी दिव्यांगता एवं सहायता समिति को दान करने का निर्णय लिया। यह राशि विद्यार्थियों की सहायता के लिए उपयोग की जाएगी।

खबरें और भी हैं...