इंदौर। पटाखों के भंडारण में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और निर्धारित क्षमता से अधिक सामग्री रखने पर जिला प्रशासन ने राऊ क्षेत्र में एक पटाखा दुकान और गोदाम को सील कर दिया। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में बुधवार को की गई इस कार्रवाई से पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के बाद जिले में पटाखा दुकानों और गोदामों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में प्रशासनिक दल ने राऊ क्षेत्र में निरीक्षण किया। जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा प्रबंधन में लापरवाही और तय क्षमता से अधिक पटाखा सामग्री का भंडारण मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया।

यह कार्रवाई राऊ एसडीएम लोकेंद्र सिंह सरल के मार्गदर्शन में तहसीलदार धीरज सोनी ने की। प्रशासन के अनुसार,संबंधित दुकान और गोदाम भारत फायर वर्क्स के नाम से इमरान पिता अहमद नूर द्वारा संचालित होना बताया गया है।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने और निर्धारित क्षमता से अधिक पटाखे जमा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए जिले में पटाखा दुकानों और गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण लगातार किया जा रहा है।