मुसाखेड़ी के शिव नगर में रिमूवल जारी, प्रभावित परिवारों को फ्लैट आवंटित कर किया शिफ्ट; निगम, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम तैनात
इंदौर। शहर में RE-2 रोड निर्माण की राह में बाधक बन रहे शिव नगर, मुसाखेड़ी के करीब 130 मकानों को हटाने की कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी रही। इन मकानों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 90 करोड़ रुपये बताया गया है। सड़क निर्माण का रास्ता साफ करने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम मौके पर जुटी रही।
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में चल रही कार्रवाई में राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जूनी इंदौर और तहसीलदार, जूनी इंदौर के नेतृत्व में संबंधित विभागों की टीम समन्वय के साथ मकानों को हटाने की कार्रवाई कर रही है।
प्रभावित परिवारों को फ्लैट आवंटित कर किया शिफ्ट
कार्रवाई के दौरान प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था भी की गई है। प्रशासन के अनुसार, प्रभावित परिवारों को फ्लैट आवंटित कर वहां शिफ्ट किया गया है। RE-2 रोड निर्माण में बाधा बन रही संरचनाओं को हटाने का काम लगातार जारी है। प्रशासन का उद्देश्य सड़क निर्माण कार्य को सुगम बनाना है, ताकि परियोजना को आगे बढ़ाया जा सके।
आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण कार्रवाई के दौरान आयुक्त क्षितिज सिंघल,अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, एसडीएम घनश्याम धनगर और पुलिस उपायुक्त सुमित केरकट्टा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मौके पर राजस्व, निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को आगे बढ़ाया।