ग्वालियर के CA से क्रिप्टो निवेश के नाम पर ठगी, विदेश भागने का भी आरोप; 3 दिन की रिमांड पर पूछताछ जारी
ग्वालियर। मध्य प्रदेश की चर्चित 21.05 करोड़ रुपये की साइबर ठगी में राज्य साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाजापुर के भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य जगदीश मालवीय उर्फ जगदीश फौजी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि ग्वालियर के चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) अशोक विजयवर्गीय से हुई करोड़ों रुपये की ठगी में आरोपी के बैंक खाते का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस के अनुसार उसके खाते में करीब 50 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। रकम मिलने के बाद वह विदेश भी चला गया था।
राज्य साइबर सेल की टीम ने शाजापुर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड हासिल की है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने साइबर ठगी से जुड़े तीन कथित "स्पीलर सेल" के नाम भी बताए हैं। पुलिस अब इन लोगों की तलाश में जुट गई है।
जांच के अनुसार, दिसंबर 2025 में ग्वालियर के सीए अशोक विजयवर्गीय को "दिव्या" नाम से व्हाट्सएप पर संदेश भेजा गया। इसके बाद उन्हें USDT क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का झांसा देकर एक फर्जी ऑनलाइन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया गया। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए 1.88 लाख रुपये का रिटर्न भी दिया गया। इसके बाद पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में करोड़ों रुपये जमा कराए गए। बाद में टैक्स और रिस्क मार्जिन के नाम पर और रकम मांगी गई। संदेह होने पर पीड़ित ने राज्य साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में पुलिस को 76 बैंक खातों की लेयरिंग का पता चला, जिनमें जगदीश मालवीय का बैंक खाता भी शामिल मिला। पुलिस अब आरोपी के खाते से जुड़े करीब 3 करोड़ रुपये के अन्य लेन-देन की भी जांच कर रही है।
डीएसपी संजीव नयन शर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और अन्य संदिग्धों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।