← वापस
इंदौर

संभागायुक्त भास्कर लक्षकार का सख्त एक्शन: निरीक्षण में लापरवाही पकड़ाई, एसडीएम और प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस   

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
संभागायुक्त भास्कर लक्षकार का सख्त एक्शन: निरीक्षण में लापरवाही पकड़ाई, एसडीएम और प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस 

 

खरगोन दौरे में खुली प्रशासनिक सुस्ती; तीन दिन में जवाब नहीं देने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी

      इंदौर। शासन के कामों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर अब सख्ती शुरू हो गई है। इंदौर संभागायुक्त भास्कर लक्षकार के खरगोन जिले के निरीक्षण के दौरान दो अधिकारियों की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए हैं। नोटिस मिलने वालों में बड़वाह के एसडीएम सत्यनारायण दर्रो और शासकीय संदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय, बिस्टान के प्रभारी प्राचार्य बलराम भंवर शामिल हैं। दोनों अधिकारियों को तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

      संभागायुक्त ने निरीक्षण के दौरान शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, लंबित प्रकरणों और विभागीय व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान बड़वाह तहसील के ग्राम कारियामाल में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट के लिए शासकीय भूमि आवंटन का मामला छह महीने से अधिक समय से लंबित मिला। नगर पालिका द्वारा प्रस्ताव भेजे जाने के बावजूद आवश्यक जांच प्रतिवेदन तैयार नहीं किया गया और न ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई हुई। इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए संभागायुक्त के निर्देश पर खरगोन कलेक्टर गुरु प्रसाद ने एसडीएम सत्यनारायण दर्रो को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

    वहीं,शासकीय संदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय, बिस्टान के निरीक्षण में भी कई प्रशासनिक कमियां सामने आईं। विद्यालय के संचालन और शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर प्रभारी प्राचार्य बलराम भंवर के खिलाफ भी संभागीय उपायुक्त, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

   दोनों नोटिसों में स्पष्ट किया गया है कि यदि तीन दिवस के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया तो मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियमों और प्रचलित सेवा नियमों के तहत एकपक्षीय विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

     संभागायुक्त भास्कर लक्षकार ने दो टूक कहा कि जनहित और शासन की योजनाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब या प्रशासनिक शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली हर कमी पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

खबरें और भी हैं...