← वापस
इंदौर

सांची की साधारण सभा में किसानों का हंगामा: ₹12 प्रति फैट के भाव पर अड़े, बोले- ‘सांची दूध संघ की मनमानी नहीं चलेगी’  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
सांची की साधारण सभा में किसानों का हंगामा: ₹12 प्रति फैट के भाव पर अड़े, बोले- ‘सांची दूध संघ की मनमानी नहीं चलेगी’

 

इंदौर। इंदौर सहकारी दुग्ध संघ की 43वीं वार्षिक साधारण सभा में बुधवार को बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान पहुंचे। दूध के भाव में बढ़ोतरी समेत विभिन्न मांगों को लेकर किसानों ने सभा में जोरदार विरोध जताया। किसानों ने ₹12 प्रति फैट दूध का भाव तत्काल लागू करने की मांग की।

सभा के दौरान किसानों ने ‘सांची दूध संघ की मनमानी नहीं चलेगी’ और ‘विकास मिश्रा की दादागिरी नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए। किसानों का कहना था कि पशु आहार, खली, भूसा, हरा चारा, पशु चिकित्सा, बिजली और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन दूध का भाव लागत के अनुरूप नहीं बढ़ाया जा रहा।

    भारतीय किसान एवं मजदूर सेना के अध्यक्ष बबलू जाधव ने कहा कि किसान लंबे समय से ₹12 प्रति फैट की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस पर गंभीर निर्णय नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि निजी दूध कंपनियों और डेयरियों द्वारा खरीदी भाव में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जानकारी सामने आई है। ऐसे में सांची संघ से भी किसानों को लागत के अनुरूप भाव देने की मांग की जा रही है।

   किसानों ने सांची दूध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विशाल कुमार मिश्रा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि किसानों की मांगों पर निर्णय लेने में देरी की जा रही है।

    जाधव ने कहा कि ₹12 प्रति फैट की मांग किसानों की बढ़ती लागत को देखते हुए है। साधारण सभा में यदि मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। किसानों ने ₹12 प्रति फैट के साथ लंबित बोनस और घोषित ₹5 प्रति लीटर सहायता/बोनस राशि का भुगतान करने की मांग भी दोहराई।

खबरें और भी हैं...