मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बोले- गृह निर्माण मंडल की योजनाओं से शहर का होगा सुनियोजित विस्तार, मध्यम और निम्न आय वर्ग को मिलेगा अपने घर का सपना
भोपाल/सागर। सागर शहर के सुनियोजित विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की 'मंगल विहार धर्मश्री कॉलोनी' का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। संविधान चौक के समीप आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने परियोजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि गृह निर्माण मंडल की नई आवासीय योजनाएं शहरों के व्यवस्थित विस्तार में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि मंडल किफायती दरों पर मकान और विकसित प्लॉट उपलब्ध कराएगा, जिससे मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवार भी अपने आशियाने का सपना पूरा कर सकेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन ने की। मंत्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बुंदेलखंड क्षेत्र में अधोसंरचना, निवेश, सिंचाई और शहरी विकास को गति दे रही है। धर्मश्री कॉलोनी इसी विकास अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने ओम जैन की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में मंडल की आवासीय योजनाओं को नई रफ्तार मिली है और आने वाले समय में प्रदेश के अन्य शहरों में भी ऐसी आधुनिक कॉलोनियां विकसित की जाएंगी।
ओम जैन ने बताया कि यह कॉलोनी 14.27 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगी। परियोजना को 48.37 करोड़ रुपये की प्रशासनिक तथा 35.78 करोड़ रुपये की तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। लक्ष्य है कि 18 माह में सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त आधुनिक और सुव्यवस्थित कॉलोनी तैयार कर हितग्राहियों को उपलब्ध करा दी जाए।
योजना के तहत 167 आवासीय भवन बनाए जाएंगे, जिनमें 49 एमआईजी-ए, 54 एमआईजी-बी, 31 एलआईजी-ए और 33 ईडब्ल्यूएस-बी श्रेणी के मकान शामिल हैं। इसके अलावा 94 विकसित आवासीय प्लॉट भी उपलब्ध कराए जाएंगे। मंडल का दावा है कि मकानों और प्लॉटों की कीमतें आम लोगों की पहुंच के अनुरूप रखी जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक परिवार लाभान्वित हो सकें। साथ ही भविष्य में अतिरिक्त भूमि मिलने पर इसी तर्ज पर नई आधुनिक आवासीय कॉलोनियां विकसित करने की भी योजना है।