बंडा में सागर गोल्ड के नाम पर बन रही थी अमानक शराब, हजारों खाली बोतलें और मशीनें जब्त; ठेके की आड़ में खपाने का आरोप
सागर। बंडा क्षेत्र में नकली और अमानक शराब तैयार कर खपाने वाले कथित अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह सागर गोल्ड के नाम पर नकली शराब तैयार कर उसे शराब दुकानों के माध्यम से बाजार में खपाता था। मामले में अब तक 52 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें 37 की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस ने कार्रवाई में नकली शराब की बोतल तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, ढक्कन सील करने की मशीन, 11,050 खाली बोतलें और 250 प्लास्टिक बोतल बनाने वाले कैप्सूल जब्त किए हैं। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
6 सितंबर को खुला था मामला
पुलिस को 6 सितंबर को सूचना मिली थी कि बंडा थाना क्षेत्र के कुछ गांवों में शराब पीने से लोगों की मौत हुई है। सूचना के बाद पुलिस ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर इलाजरत लोगों और ग्रामीणों से पूछताछ की। मामले में बंडा और विनायका थाने में प्रकरण दर्ज किए गए।

एसपी अनुराग सुजानिया के मार्गदर्शन में अलग-अलग टीमें गठित कर मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी रवि लखेरा ने मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर और आशीष साहू के साथ मिलकर नकली शराब बनाने और ठेके की आड़ में खपाने की योजना की जानकारी दी।
वहीं चंदू राजा उर्फ चंद्रभान ने पुलिस को बताया कि शराब कारोबार से जुड़े लोगों के संपर्क का फायदा उठाकर लाइसेंसी दुकानों के माध्यम से अवैध शराब बेचने की व्यवस्था बनाई गई थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।