इंदौर। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आज मध्यप्रदेश कांग्रेस के 'संगठन सृजन अभियान' के अंतर्गत इंदौर शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के मंडलम, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सार्थक संवाद किया।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता, सशक्त संगठन और जनता का अटूट विश्वास है। संगठन के प्रत्येक स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय, सजग और जनता से लगातार जुड़े रहना होगा। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन के माध्यम से ही कांग्रेस जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाते हुए आगामी चुनौतियों का सामना कर सकती है।
सरकार की नीतियों से त्योहारों का स्वाद प्रभावित
मीडिया से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार की इथेनॉल ब्लेंडिंग नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि डॉलर बचाने के नाम पर पेट्रोल में इथेनॉल मिलाया गया, लेकिन अब देश को 10 लाख टन चीनी आयात करने की जरूरत पड़ रही है। उन्होंने कहा कि इथेनॉल ब्लेंडिंग का असर केवल युवाओं की गाड़ियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव आम परिवारों की रसोई और त्योहारों के स्वाद पर भी पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नीतियों के परिणामों पर गंभीरता से विचार करने के बजाय केवल दावे और भाषण कर रही है। आम जनता को महंगाई और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
युवा रोजगार मांग रहा, किसान खाद और आदिवासी पोषण
उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर युवाओं, किसानों और आदिवासी समाज की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार की मांग को लेकर सड़कों पर संघर्ष कर रहा है, किसान खाद के लिए परेशान है और आदिवासी समाज पोषण जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए जूझ रहा है, लेकिन सरकार को इन गंभीर समस्याओं की कोई चिंता नहीं है।
उन्होंने कहा कि चीन की घुसपैठ, बेरोजगार युवाओं का संघर्ष, किसानों को खाद की कमी और आदिवासियों को पोषण का संकट ये सभी जनता से जुड़े गंभीर सवाल हैं। सरकार को इन मुद्दों पर जवाबदेही तय करने और ठोस कार्रवाई करने की जरूरत है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और जनता की आवाज को सदन से लेकर सड़क तक बुलंद करेगी।