इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इंदौर में विभिन्न बस्तियों में पथ संचलन आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवक शामिल हुए। अनुशासित कतारों में कदम से कदम मिलाकर चलते स्वयंसेवकों और घोष दल की धुनों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
संघ की परंपरा के अनुसार भगवा ध्वज को गुरु मानकर स्वयंसेवकों ने निर्धारित मार्गों से संचलन किया। शहर की अलग-अलग बस्तियों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान अनुशासन, एकजुटता और सामूहिक कदमताल देखने को मिली। घोष दल की धुनों के बीच स्वयंसेवकों की कतारें आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहीं। चार जिलों की विभिन्न बस्तियों में भी पथ संचलन आयोजित किए गए।
संघ की स्थापना 1925 में विजयादशमी के दिन हुई थी। शताब्दी वर्ष के कारण इस बार के आयोजनों का विशेष महत्व रहा। पथ संचलन संघ की प्रमुख परंपराओं में शामिल है, जिसके माध्यम से स्वयंसेवक संगठन, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का संदेश देते हैं। वहीं आकाश विजयवर्गीय बोले- संघ नहीं होता तो कश्मीर पाकिस्तान में होता पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। नंदानगर शाखा के वर्ष के अंतिम पथ संचलन में शामिल विजयवर्गीय ने दावा किया कि संघ और भाजपा नहीं होते तो कश्मीर भी पाकिस्तान में मिल गया होता। उन्होंने कहा कि संघ भारतीय संस्कृति और हिंदुत्व की पहचान को मजबूत करने का काम कर रहा है। कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने संघ को आतंकवादी संगठन बताने वाले बयानों की निंदा की। उन्होंने विश्वास जताया कि संघ के प्रयासों से भारत विश्व में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।