इंदौर में शुरू हुई अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक;4 नवंबर तक देशभर के 400 प्रतिनिधि करेंगे मंथन, शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की भी होगी समीक्षा
इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने शताब्दी वर्ष के अवसर पर संगठन विस्तार और सामाजिक बदलाव के कार्यक्रमों को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में सोमवार को इंदौर के डेली कॉलेज स्थित संत श्री रविदास जी महाराज सभागार में संघ की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक शुरू हुई। बैठक का शुभारंभ सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार के अनुसार बैठक में देशभर से करीब 400 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इसमें संघ के सभी छह कार्यक्षेत्रों के पदाधिकारी, 46 प्रांतों के संघचालक, कार्यवाह,प्रचारक और उनके सहायक मौजूद हैं। संघ से प्रेरित 32 संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री और सह संगठन मंत्री भी बैठक में आमंत्रित किए गए हैं। बैठक 4 नवंबर की शाम तक चलेगी।
बैठक में शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ उनके आगे के क्रियान्वयन और समाज तक पहुंच बनाने की योजना पर चर्चा होगी। विशेष रूप से संघ के पंच परिवर्तन के पांच विषयों को समाज में लागू करने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर रहेगा। इसके अलावा पिछले दो वर्षों में शाखाओं के विस्तार के लिए किए गए प्रयासों की समीक्षा होगी। शाखाओं को अधिक से अधिक स्थानों तक पहुंचाने और उन्हें मजबूत बनाने की रणनीति भी तय की जाएगी।
सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के विजयादशमी संबोधन में उठाए गए समसामयिक विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा। इन विचारों को समाज तक पहुंचाने के लिए आगे की योजना बनाई जाएगी।
तीन ऐतिहासिक व्यक्तित्वों पर विशेष वक्तव्य
बैठक के दौरान सरकार्यवाह की ओर से तीन प्रमुख वक्तव्य जारी किए जाएंगे। पहला वक्तव्य राष्ट्रीय चेतना के अग्रदूत और विचारक राजनारायण बोस की 200वीं जयंती पर होगा। दूसरा शुद्धि आंदोलन के पुरोधा स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जारी किया जाएगा। तीसरा वक्तव्य ओडिशा के कंधमाल में जनजातीय क्षेत्र में स्वाभिमान, स्वावलंबन और स्वधर्म की जागृति के लिए बलिदान देने वाले स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की जन्म शताब्दी पर केंद्रित रहेगा।