बोले- विभागीय समन्वय की कमी से नहीं रुकने चाहिए काम, श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन पर रहेगा फोकस
उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने शहर में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण, अंडरपास और ब्रिज निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली। संभागायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण एजेंसियां आपसी समन्वय से काम करें, ताकि निर्धारित समय-सीमा में जरूरी कार्य पूरे हो सकें।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम द्वारा प्रस्तावित रविशंकर नगर-भगत सिंह मार्ग चौड़ीकरण, गदापुलिया चौराहे पर अंडरपास निर्माण और हरिफाटक ब्रिज की तीसरी भुजा के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि तकनीकी और विभागीय अड़चनों का तत्काल निराकरण किया जाए। निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करें।
गदापुलिया अंडरपास और सड़क चौड़ीकरण पर जोर
संभागायुक्त ने पीडब्ल्यूडी सिंहस्थ संभाग द्वारा प्रस्तावित गदापुलिया चौराहे के अंडरपास की कार्ययोजना और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अंडरपास की योजना यातायात की सुगमता को ध्यान में रखकर तैयार की जाए, ताकि सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। गदापुलिया से रविशंकर नगर-भगत सिंह मार्ग के चौड़ीकरण का काम भी तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
हरिफाटक ब्रिज की तीसरी भुजा का निरीक्षण
संभागायुक्त और कलेक्टर ने एमपीआरडीसी द्वारा किए जा रहे हरिफाटक ब्रिज की तीसरी भुजा के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान ब्रिज के नीचे प्रस्तावित रोटरी की ड्राइंग का अवलोकन कर निर्माण की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली गई।
संभागायुक्त ने रेलवे सहित संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक अनुमतियां और तकनीकी समस्याएं समय रहते दूर करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि विभागीय समन्वय की कमी के कारण किसी भी निर्माण कार्य में विलंब नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, अपर आयुक्त संतोष टैगोर, एमपीआरडीसी के दीपक शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, इंजीनियर और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।