निशातपुरा स्टेशन से मालवा एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी; दो ट्रेनों के नए स्टॉपेज शुरू, बोले- 40 करोड़ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बढ़ाया जा रहा रेलवे नेटवर्क
भोपाल ।सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को गति देते हुए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के नव विकसित निशातपुरा रेलवे स्टेशन से डॉ. अंबेडकर नगर-श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही मालवा एक्सप्रेस और वेरावल-जबलपुर एक्सप्रेस के नए स्टॉपेज की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ में अनुमानित 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रदेश में रेलवे सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निशातपुरा स्टेशन शुरू होने से नई दिल्ली से उज्जैन-इंदौर आने-जाने वाली कई ट्रेनों को अब ट्रैक और इंजन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और भोपाल मुख्य स्टेशन पर भीड़ का दबाव भी कम होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल यात्रा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यापार, उद्योग,कृषि और रोजगार को भी नई गति देता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2009-14 में मध्यप्रदेश का रेल बजट ₹632 करोड़ था,जो अब बढ़कर ₹15,288 करोड़ हो गया है। प्रदेश में वर्तमान में ₹1.18 लाख करोड़ की रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं। वर्ष 2014 के बाद 2,800 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई गई है,जिसकी लंबाई डेनमार्क की सीमा से भी अधिक बताई गई।
उन्होंने कहा कि पहले जहां देश में प्रतिदिन केवल 4 किलोमीटर रेल ट्रैक बिछता था, वहीं अब यह रफ्तार बढ़कर 34 किलोमीटर प्रतिदिन हो गई है। प्रदेश में 13 अमृत स्टेशनों का विकास, तीसरी-चौथी रेल लाइनों का निर्माण और आधुनिक ट्रेनों का विस्तार मध्यप्रदेश को नई रेल पहचान दे रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ये सुविधाएं सिंहस्थ-2028 के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित होंगी।