← वापस
उज्जैन

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों का रेलवे ने कसा शिकंजा: जीएम ने उज्जैन की परियोजनाओं का किया निरीक्षण, समय पर काम पूरा करने के दिए सख्त निर्देश  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों का रेलवे ने कसा शिकंजा: जीएम ने उज्जैन की परियोजनाओं का किया निरीक्षण, समय पर काम पूरा करने के दिए सख्त निर्देश

 

स्टेशनों के विकास कार्यों और निर्माणाधीन जोनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का लिया जायजा, गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता नहीं करने की हिदायत

         उज्जैन।सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को गति देने के लिए पश्चिम रेलवे ने विकास कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। सोमवार को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने उज्जैन और आसपास के रेलवे स्टेशनों पर चल रही सिंहस्थ परियोजनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि सिंहस्थ महापर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित रेल सुविधाएं मिल सकें।

         निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने सबसे पहले उज्जैन रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने पिंगलेश्वर, पवासा, नई खेड़ी, मोहनपुरा, विक्रमनगर और चिंतामन गणेश रेलवे स्टेशनों का दौरा कर प्लेटफॉर्म विस्तार, यात्री परिसंचरण व्यवस्था और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए।

        समीक्षा बैठक में महाप्रबंधक ने कहा कि सिंहस्थ-2028 पश्चिम रेलवे के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है। इसके सफल संचालन के लिए सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने गुणवत्ता, सुरक्षा और नियमित मॉनिटरिंग को परियोजनाओं की सफलता की सबसे बड़ी शर्त बताया।

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों का रेलवे ने कसा शिकंजा: जीएम ने उज्जैन की परियोजनाओं का किया निरीक्षण, समय पर काम पूरा करने के दिए सख्त निर्देश

  - 2

 दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने उज्जैन में निर्माणाधीन मल्टी डिसिप्लिनरी जोनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एमडीजेडटीआई) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय भवन, महिला एवं पुरुष छात्रावास, अध्ययन कक्ष, रसोईघर और प्रशासनिक परिसर सहित विभिन्न इकाइयों का जायजा लिया तथा निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान महाप्रबंधक और रेलवे अधिकारियों ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

      निरीक्षण में रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) अक्षय कुमार सहित इंजीनियरिंग, परिचालन, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, वाणिज्य और संरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सिंहस्थ-2028 से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी, जिस पर महाप्रबंधक ने संतोष जताते हुए आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए।

खबरें और भी हैं...