संभागायुक्त लाक्षाकार ने दिए निर्देश; निगम आयुक्त हर माह करेंगे संयुक्त समन्वय बैठक, अटके कामों की बाधाएं दूर करने पर जोर
इंदौर। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच शहर में चल रहे बड़े निर्माण कार्यों को लेकर प्रशासन ने विभागों के बीच तालमेल बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी है। संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने कलेक्टर कार्यालय में करीब 15 से अधिक विभागों की संयुक्त समन्वय बैठक लेकर साफ कहा कि एक बार सड़क या विकास कार्य पूरा होने के बाद दूसरे विभाग के काम के लिए उसे दोबारा तोड़ने की नौबत नहीं आनी चाहिए। इसके लिए काम शुरू होने से पहले ही विभागों के बीच तकनीकी स्तर तक समन्वय किया जाए।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र में चल रहे कार्यों को लेकर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल हर माह संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक करेंगे। अटके निर्माण कार्यों की बाधाओं को चिन्हित कर तत्काल दूर करने के साथ सिंहस्थ से जुड़े सभी काम तय समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे करने पर जोर दिया गया।
23 प्रमुख सड़कें अगस्त 2027 तक होंगी पूरी
निगम आयुक्त ने बताया कि सिंहस्थ के मद्देनजर शहर में करीब 23 प्रमुख सड़कों पर काम चल रहा है। इन्हें अगस्त 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। कुछ सड़कें इसी साल अक्टूबर के आसपास पूरी होने की संभावना है। आईडीए के एमआर-11 के करीब 3.5 किमी और एमआर-12 के करीब 9 किमी मार्ग की प्रगति की भी समीक्षा हुई। एमआर-12 पर प्रस्तावित नदी पुल को लेकर भी समन्वय के निर्देश दिए गए।
आरओबी से लेकर फ्लायओवर तक समीक्षा
रेलवे के राजेंद्र नगर, केसरबाग और लक्ष्मीबाई नगर आरओबी के कामों की समीक्षा में पेयजल लाइन शिफ्टिंग, अतिक्रमण और अन्य लंबित बाधाओं पर चर्चा हुई। संभागायुक्त ने निगम आयुक्त को स्थल निरीक्षण कर काम गति देने के निर्देश दिए। एमपीआरडीसी के मुसाखेड़ी, देवास नाका, क्रिस्टल पार्क और सत्यसाईं क्षेत्र के छह लेन फ्लायओवर से जुड़े कार्य दिसंबर 2026 तक पूरे करने का लक्ष्य बताया गया।
सड़क बंद हो तो पहले वैकल्पिक रास्ता
लाक्षाकार ने कहा कि सड़क निर्माण शुरू करने से पहले निर्माण एजेंसी वैकल्पिक मार्ग तैयार करे। नागरिकों और वाहन चालकों को परेशानी न हो, इसके लिए मार्ग की स्पष्ट जानकारी भी दी जाए। काम पूरा होने के बाद बैरिकेडिंग हटाने के साथ क्षतिग्रस्त सड़क और नागरिक सुविधाओं को भी व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की होगी।
बैठक में मेट्रो, स्मार्ट सिटी, लोक निर्माण विभाग, रेलवे, पर्यटन, राष्ट्रीय राजमार्ग, एमपीआरडीसी, आईडीए, नगरीय प्रशासन, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण सहित अन्य विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। मेट्रो के रोबोट चौराहे से खजराना तक के काम को दीपावली तक पूरा करने का लक्ष्य बताया गया। राजवाड़ा, पलासिया, रेलवे स्टेशन, पुलिस क्वार्टर और शिवाजी मार्केट से जुड़े लंबित मामलों पर एक सप्ताह में स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए।