← वापस
इंदौर

सिंहस्थ से पहले नहीं रुकेगा इंदौर स्टेशन का काम  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
सिंहस्थ से पहले नहीं रुकेगा इंदौर स्टेशन का काम

 

रेलवे बोर्ड चेयरमैन का बड़ा ऐलान—सिंहस्थ में 125 से ज्यादा विशेष ट्रेनें, स्टेशन विस्तार में आएगी तेजी

इंदौर। सिंहस्थ-2028 से पहले इंदौर की रेल सुविधाओं को लेकर रेलवे ने बड़ा खाका तैयार किया है। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार रविवार को इंदौर पहुंचे। उन्होंने इंदौर, उज्जैन और लक्ष्मी नगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर सिंहस्थ की तैयारियों और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 125 से ज्यादा विशेष ट्रेनें चलाने की तैयारी है।

इंदौर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास को लेकर भी तस्वीर साफ हो गई है। सांसद शंकर लालवानी ने चेयरमैन से चर्चा के बाद बताया कि सिंहस्थ से पहले स्टेशन का पुनर्विकास कार्य बंद नहीं होगा, बल्कि इसे गति दी जाएगी। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक की पिछली टिप्पणी के बाद काम को लेकर असमंजस की स्थिति बनी थी। अब रेलवे बोर्ड स्तर से काम जारी रखने पर सहमति बनने से तस्वीर साफ हो गई है।

    विशेष ट्रेनों को नियमित करने की तैयारी

चेयरमैन सतीश कुमार ने कहा कि इंदौर स्टेशन के पुनर्विकास के साथ उज्जैन के आसपास के स्टेशनों की क्षमता बढ़ाने पर भी तेजी से काम होगा। सिंहस्थ के लिए चलाई जाने वाली कुछ विशेष ट्रेनों को बाद में नियमित करने की संभावना पर भी काम चल रहा है। इससे यात्रियों को बार-बार विशेष ट्रेन का अधिक किराया चुकाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

    शास्त्री ब्रिज का विकल्प तलाशेंगे

इंदौर के शास्त्री ब्रिज पर बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए इसके विकल्प पर भी शुरुआती काम जल्द शुरू करने की बात कही गई। विकल्प तय होने के बाद निर्माण प्रक्रिया को गति दी जाएगी।

     बैठक में इंदौर-मनमाड़, इंदौर-खंडवा और इंदौर-उज्जैन रेलखंड के विकास कार्यों की भी समीक्षा हुई। रेलवे सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कैमरों और ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली के विस्तार पर जोर दिया गया। सिंहस्थ के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को संभालने के लिए स्टेशन सुविधाओं, अतिरिक्त ट्रेनों और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी अब तेज होगी।

खबरें और भी हैं...