300 में से 195 तालाबों से इस बार नहीं छोड़ा जाएगा पानी; गेहूं का रकबा घटेगा, कम पानी वाली फसलों की ओर किसानों को करना होगा रुख
धार। इस साल महज 493.1 मिमी यानी 16 इंच से भी कम बारिश ने जिले के जलस्रोतों का गणित बिगाड़ दिया है। मानसून विदाई की ओर है और अब अच्छी बारिश की उम्मीद भी कम है। इसका असर खरीफ के बाद अब रबी सीजन पर सीधा पड़ने वाला है। जिले के करीब 300 तालाबों में से 195 तालाब आधे से भी कम भरे हैं। कई जलाशयों में पानी का स्तर महज 25 से 30 प्रतिशत तक ही पहुंच पाया है। ऐसे में इस बार रबी फसलों के लिए तालाबों से नहर और साइफन के जरिए पानी छोड़ना मुश्किल होगा।
हर साल बड़े तालाबों और जलाशयों से रबी फसलों के लिए दो से तीन बार सिंचाई का पानी छोड़ा जाता है। इस बार विभाग उपलब्ध पानी को सिंचाई के बजाय पेयजल के लिए सुरक्षित रखने की तैयारी में है। किसानों के सामने अब फसल चयन की चुनौती है। कृषि विभाग की ओर से गेहूं जैसी अधिक पानी वाली फसल के बजाय चना, सरसों, चिया बीज और अन्य कम पानी वाली फसलों की बोवनी की सलाह दी जा रही है।
पानी छोड़ा तो गर्मी में पेयजल संकट तय
बदनावर क्षेत्र के बागेड़ी बांध में फिलहाल करीब एक से डेढ़ मीटर पानी बताया जा रहा है। इसे पेयजल के लिए सुरक्षित रखा गया है। मौजूदा पानी से करीब एक-दो महीने की जरूरत पूरी होने का अनुमान है। सिंचाई के लिए पानी का इस्तेमाल रोकने के लिए जलाशय पर चौकीदार तैनात कर निगरानी शुरू कर दी गई है। सरदारपुर-राजगढ़ क्षेत्र के गोविंदपुरा तालाब की स्थिति भी चिंताजनक है।
पांच लाख हेक्टेयर से ज्यादा रबी रकबे पर असर
सामान्य वर्षों में जिले में पांच लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में रबी की बोवनी होती है। इस बार पानी की कमी से कुल रकबा घटने की आशंका है। सबसे बड़ा असर गेहूं पर पड़ सकता है, क्योंकि इसे पूरे सीजन में कई सिंचाइयों की जरूरत होती है। कम पानी वाले क्षेत्रों में गेहूं की बोवनी किसानों के लिए जोखिम भरी हो सकती है।
निमाड़ में हालात और गंभीर
कुक्षी, निसरपुर, मनावर, डही और उमरबन क्षेत्र में कई नदी-नाले और तालाब खाली पड़े हैं। नर्मदा को छोड़ दें तो अधिकांश जलस्रोतों में पर्याप्त पानी नहीं है। रबी सिंचाई के साथ ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। बारिश नहीं हुई तो गर्मी से पहले ही कई गांवों में पानी परिवहन और वैकल्पिक व्यवस्था की जरूरत पड़ सकती है।
15 साल में सबसे खराब हालात: अल्पवर्षा के कारण जलस्रोतों में पर्याप्त पानी नहीं भर पाया। अब प्रशासन के सामने चुनौती है कि उपलब्ध पानी को सिंचाई या पेयजल—कहां प्राथमिकता दी जाए। इस बार सूखे की मार से रबी का रकबा, फसल का चयन और उत्पादन—तीनों प्रभावित होने की आशंका है।