← वापस
मध्यप्रदेश

साल बोरर के नाम पर अमरकंटक के जंगलों में कटाई की तैयारी, 9,535 पेड़ों को मंजूरी!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
साल बोरर के नाम पर अमरकंटक के जंगलों में कटाई की तैयारी, 9,535 पेड़ों को मंजूरी!

 

करीब डेढ़ लाख साल वृक्षों की कटाई से जुड़ा मामला, 27 अक्टूबर तक 610 संक्रमित पेड़ काटे गए; छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जंगलों में कार्रवाई नहीं होने पर उठे सवाल

अमरकंटक। पवित्र नगरी अमरकंटक के जंगलों में साल बोरर कीट का प्रकोप वन संपदा के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। संक्रमण रोकने के नाम पर हजारों साल वृक्षों की कटाई की अनुमति दी गई है। अमरकंटक वन परिक्षेत्र में 9,535 पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है, जबकि अनूपपुर और डिंडोरी जिले के संबंधित वन क्षेत्रों में डेढ़ लाख से अधिक साल वृक्षों की कटाई की अनुमति से जुड़े आंकड़े भी चर्चा में हैं। 27 अक्टूबर 2026 तक अमरकंटक में 610 संक्रमित पेड़ काटे जा चुके हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मध्यप्रदेश में कटाई की कार्रवाई के बीच छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जंगलों में संक्रमण रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं?

40 लाख साल वृक्षों वाले जंगल पर संकट

अमरकंटक के वन क्षेत्र में करीब 40 लाख साल वृक्ष होने का अनुमान है। इनमें लगभग 22 हजार पेड़ों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। साल बोरर के संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए प्रभावित पेड़ों को काटने की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि इतने बड़े वन क्षेत्र में हजारों पेड़ों की कटाई से पहले संक्रमण की वैज्ञानिक जांच, प्रभावित वृक्षों की पहचान और उपचार से बचाए जा सकने वाले पेड़ों का आकलन भी जरूरी है।

610 पेड़ कटे, जंगल में ही रखी लकड़ियां

27 अक्टूबर तक 610 संक्रमित साल वृक्षों की कटाई की जा चुकी है। लगातार बारिश के कारण परिवहन वाहन जंगल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे में काटे गए पेड़ों की लकड़ियों के जंगल में ही चट्टे लगाए गए हैं। मौसम और रास्ते अनुकूल होने पर इन्हें ट्रकों के माध्यम से शहडोल जिले के नरसरहा डिपो पहुंचाने की योजना है। तब तक लकड़ियों की सुरक्षा, निगरानी और उनके लेखा-जोखा को लेकर भी विभाग की जिम्मेदारी बढ़ गई है।

मध्यप्रदेश में कटाई, छत्तीसगढ़ के जंगलों में सर्वे कौन करेगा?

अमरकंटक और करंजिया वन क्षेत्र छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के जंगलों से सटे हैं। वन क्षेत्रों की भौगोलिक निरंतरता को देखते हुए संक्रमण को केवल मध्यप्रदेश की सीमा तक सीमित मानकर कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं होगा। यदि सीमावर्ती छत्तीसगढ़ के जंगलों में भी साल बोरर मौजूद है और वहां प्रभावी नियंत्रण नहीं किया जा रहा, तो मध्यप्रदेश में हजारों पेड़ों की कटाई के बावजूद संक्रमण दोबारा फैलने का खतरा बना रह सकता है।

वैज्ञानिक जांच और संयुक्त रणनीति जरूरी

साल वृक्ष पर्यावरणीय संतुलन और जैव विविधता के महत्वपूर्ण आधार हैं। इसलिए कटाई की अनुमति के पीछे वैज्ञानिक आधार, संक्रमित पेड़ों की वास्तविक संख्या और उपचार की संभावनाओं का खुलासा होना चाहिए। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के वन विभागों को सीमावर्ती जंगलों का संयुक्त सर्वेक्षण कर संक्रमण की स्थिति के अनुसार साझा कार्ययोजना बनानी चाहिए।

खबरें और भी हैं...