एक दिन में दूसरा बड़ा हादसा, चार गंभीर घायलों को नर्मदापुरम भेजा; रात में ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर की टक्कर में महिला की गई थी जान
सीहोर/रेहटी। मां विजयासन देवी धाम सलकनपुर के दर्शन मार्ग पर हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। बीती रात ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर की भिड़ंत में एक महिला की मौत और दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने के बाद अब ग्राम बायां के पास दो ऑटो आमने-सामने टकरा गए। हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल नर्मदापुरम रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

एक ऑटो दर्शन कर लौट रहा था, दूसरा जा रहा था धाम
जानकारी के अनुसार, एक ऑटो सलकनपुर में मां विजयासन देवी के दर्शन कर श्रद्धालुओं को लेकर लौट रहा था, जबकि दूसरा ऑटो श्रद्धालुओं को लेकर धाम की ओर जा रहा था। ग्राम बायां के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल रेहटी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सा दल ने उपचार शुरू किया।
पांच की जगह 15 सवारियां, सुरक्षा पर सवाल
हादसे के बाद ऑटो में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, पांच सीटर ऑटो में 15 लोगों को बैठाया गया था। निर्धारित क्षमता से तीन गुना सवारियां बैठाकर सफर कराने से यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही वाले मार्ग पर आखिर ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं हो पा रहा है?
रात के हादसे में गई थी महिला की जान
गौरतलब है कि इससे पहले बुधनी हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। इसके बाद ऑटो की भिड़ंत ने सलकनपुर मार्ग पर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
रेहटी स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अश्विनी दायमा, डॉ. वंदना यादव, डॉ. श्रुति दुबे, डॉ. रामनाथ धुसिया और डॉ. हेमंत साहू सहित स्वास्थ्यकर्मियों ने घायलों का उपचार किया। लगातार हो रहे हादसों के बीच यात्री वाहनों की क्षमता की जांच, ओवरलोडिंग पर रोक और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी हो गया है।