होटल की छत पर सोलर पैनल लगाने की अनुमति के बदले मांगे थे 80 हजार रुपए, पहली किस्त लेते ही कार्यालय में दबिश
इंदौर। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। शनिवार को इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (पश्चिम डिस्कॉम) के सुखलिया जोन में पदस्थ कनिष्ठ यंत्री (जेई) नमेश कुमार भोंडेकर को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।आरोपी होटल भवन पर सोलर पैनल लगाने की फाइल मंजूर कराने के बदले 80 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार,बिल्डर एवं होटल व्यवसायी शिवप्रकाश बसवाल ने 17 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अंबे नगर स्थित जीआर-7 होटल की छत पर सोलर पैनल लगाने की फाइल आगे बढ़ाने के लिए कनिष्ठ यंत्री 80 हजार रुपए की मांग कर रहा है। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई।
पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देशन तथा निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में गठित टीम ने शनिवार को सुखलिया जोन कार्यालय में कार्रवाई की। शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपए की पहली किस्त लेते ही आरोपी जेई को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
लोकायुक्त ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा-7 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।