← वापस
धार

सांपों की पहचान से रेस्क्यू तक... वनकर्मियों ने सीखी वन्यजीव बचाने की तकनीक

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
सांपों की पहचान से रेस्क्यू तक... वनकर्मियों ने सीखी वन्यजीव बचाने की तकनीक

ईको सेंटर में 60 वनकर्मियों को प्रशिक्षण; भीड़ प्रबंधन, उपकरण संचालन और प्राथमिक उपचार का कराया अभ्यास

धार। वन्यजीवों के रेस्क्यू ऑपरेशन को सुरक्षित और प्रभावी बनाने के लिए वन विभाग ने अपने अमले को विशेष प्रशिक्षण दिया। 23 सितंबर को ईको सेंटर धार में आयोजित प्रशिक्षण में वन्यजीव विशेषज्ञ एवं वाइल्ड ट्रेक सर्विसेस उज्जैन के निदेशक विवेक पगारे ने वनकर्मियों को रेस्क्यू की बारीकियां समझाईं।

     सांपों की पहचान से रेस्क्यू तक... वनकर्मियों ने सीखी वन्यजीव बचाने की तकनीक - 3

प्रशिक्षण में वन्यजीव प्रजातियों की पहचान, रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी और प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा रेस्क्यू किए गए वन्यजीवों को सुरक्षित संभालने की प्रक्रिया बताई गई। इसके साथ उपचार के दौरान देखभाल और वन्यजीवों के पुनर्वास की जानकारी भी दी गई। वन्यजीवों की ट्रैकिंग में इस्तेमाल होने वाली तकनीक तथा रेस्क्यू में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया।

   सांपों की पहचान से रेस्क्यू तक... वनकर्मियों ने सीखी वन्यजीव बचाने की तकनीक - 2

खास तौर पर सांपों की पहचान और उनकी सुरक्षित हैंडलिंग की तकनीक समझाई गई। पशु प्राथमिक उपचार के तहत सर्पदंश, घाव और फ्रैक्चर जैसी स्थितियों में तत्काल किए जाने वाले उपचार की जानकारी भी दी गई।

   प्रशिक्षण का शुभारंभ प्रशिक्षु आईएफएस एवं प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी धामनोद पंकज चौधरी ने किया। धार, मांडव और धामनोद क्षेत्र के 60 वनकर्मियों ने प्रशिक्षण लिया। विभाग के अनुसार 24 सितंबर को सरदारपुर, 25 सितंबर को बाग और 26 सितंबर को कुक्षी में भी प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...