← वापस
धार

सपनों की ट्रेन पटरी पर दौड़ी तो खिल उठे चेहरे, धार में जल्द बजेगी रेल की सीटी!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
सपनों की ट्रेन पटरी पर दौड़ी तो खिल उठे चेहरे, धार में जल्द बजेगी रेल की सीटी!

 

टीही-धार के 47 किमी रेलमार्ग का सीआरएस ट्रायल सफल, 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी स्पेशल ट्रेन; मंत्रालय की हरी झंडी का इंतजार

धार। धार के लोगों का वर्षों पुराना रेल का सपना शुक्रवार को हकीकत के और करीब पहुंच गया। टीही से धार के बीच 47 किलोमीटर लंबे रेलमार्ग पर रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) का अंतिम निरीक्षण और स्पेशल ट्रेन का ट्रायल सफल रहा। सायरन बजाते हुए जब ट्रेन धार स्टेशन पहुंची तो वहां मौजूद लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोग इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए परिवार और बच्चों के साथ स्टेशन पहुंचे। लोगों ने मोबाइल में ट्रेन के आगमन के दृश्य कैद किए।

शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे रेलवे सुरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास सहित अधिकारियों का दल ट्रॉली से धार स्टेशन पहुंचा। अधिकारियों ने स्टेशन और रेलमार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद इलेक्ट्रिक इंजन के साथ दो डिब्बों वाली स्पेशल ट्रेन दोपहर 2.25 बजे सायरन बजाते हुए स्टेशन पहुंची। टीही से धार आते समय ट्रेन की गति करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि वापसी में इसे 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया गया।

सीआरएस के साथ मुख्य पुल अभियंता भावेश झा,मुख्य प्रशासनिक अधिकारी विनीत कुमार श्रीवास्तव, रतलाम मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार और डिप्टी सीआरएस देव प्रकाश अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दो दिन तक रेलमार्ग का निरीक्षण किया। गुरुवार को टीही से गुणावद तक ट्रॉली से ट्रैक की जांच की गई थी, जबकि शुक्रवार को स्पेशल ट्रेन चलाकर अंतिम परीक्षण किया गया। अब निरीक्षण की रिपोर्ट केंद्रीय रेल मंत्रालय दिल्ली भेजी जाएगी। मंत्रालय की अनुमति मिलने के बाद नियमित रेल संचालन का रास्ता खुलेगा। संभावना है कि नवंबर के अंत या दिसंबर में इंदौर से धार के बीच ट्रेन सेवा शुरू हो सकती है।

मुंबई और गुजरात तक खुलेंगे कनेक्टिविटी के रास्ते

यह रेलमार्ग केवल धार ही नहीं, पूरे मालवा के विकास की नई राह खोल सकता है। भविष्य में रेल परियोजना को झाबुआ और आलीराजपुर होते हुए दाहोद तक विस्तार देने की योजना है। वहीं दूसरा मार्ग अमझेरा और टांडा होते हुए छोटा उदयपुर रेललाइन से जुड़ सकता है। इससे इंदौर की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी और गुजरात के साथ मुंबई तक सीधी रेल कनेक्टिविटी का रास्ता तैयार होगा। रोजगार, व्यापार और औद्योगिक विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी। शुक्रवार को धार स्टेशन पर उमड़ी भीड़ ने बता दिया कि लोगों को अब नियमित ट्रेन के संचालन का बेसब्री से इंतजार है।

खबरें और भी हैं...