इंदौर। क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुपर कॉरिडोर से 103.55 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ 19 वर्षीय युवक अयाज हुसैन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जब्त एमडी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10.30 लाख रुपए है। आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की होंडा हॉरनेट बाइक भी बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है। कुल जब्ती 11.80 लाख रुपए की है।
पुलिस के मुताबिक 9 अगस्त को क्राइम ब्रांच की टीम मेट्रो पिलर नंबर-210 के पास सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक से पहुंचे युवक ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक फिसलने से वह गिर गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और तलाशी ली। पैंट की जेब से पारदर्शी पन्नी में रखा 103.55 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ मिला, जिसकी जांच में एमडी ड्रग्स होने की पुष्टि हुई।
आरोपी के पास मादक पदार्थ रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने शाहनवाज नामक युवक को भी पकड़ा है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स की सप्लाई लाइन, खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार अयाज आठवीं तक पढ़ा है और मजदूरी करता है, जबकि शाहनवाज चूड़ियां बनाने का काम करता है। मामले में आगे की जांच जारी है।