काले हिरण-चिंकारा के शिकार व मांस तस्करी मामले में 6 आरोपी जेल में
भोपाल। काले हिरण और चिंकारा के अवैध शिकार तथा उनके मांस की तस्करी के मामले में मुख्य आरोपी सबाह अंतुले को सुप्रीम कोर्ट से भी राहत नहीं मिली। सर्वोच्च न्यायालय की युगल पीठ ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। आरोपी 27 अक्टूबर 2025 से केंद्रीय जेल इंदौर में बंद है।
मामले में एसटीएसएफ इंदौर इकाई, स्थानीय पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने किशनगंज में कार्रवाई करते हुए करीब 65 किलो वन्यजीव मांस, एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और तस्करी में इस्तेमाल टोयोटा इनोवा क्रिस्टा वाहन जब्त किया था। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया था।
सबाह अंतुले ने पहले इंदौर स्थित उच्च न्यायालय की खंडपीठ में जमानत के लिए आवेदन किया था, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया। इसके बाद उसने सर्वोच्च न्यायालय में विशेष अनुमति याचिका दायर की। सुनवाई के दौरान एसटीएसएफ की ओर से रखे गए तथ्यों और साक्ष्यों पर विचार करने के बाद सुप्रीम कोर्ट की युगल पीठ ने जमानत देने से इनकार कर दिया।
वैज्ञानिक साक्ष्यों से कसा शिकंजा
वनमंडल इंदौर ने मामले में भारतीय वन अधिनियम, 1927 और वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत 3 दिसंबर 2024 को वन अपराध प्रकरण दर्ज किया था। इसके बाद एसटीएसएफ की इंदौर इकाई ने जांच आगे बढ़ाते हुए वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच में अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह से जुड़े आरोपियों की भूमिका सामने आने पर अलग प्रकरण दर्ज किया गया।
अब तक इस संगठित गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।