← वापस
छत्तीसगढ़

सुरंग में आगे-आगे दौड़ता रहा तेंदुआ, पीछे धीमी रफ्तार में चलती रही ट्रेन; ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा खतरा  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
सुरंग में आगे-आगे दौड़ता रहा तेंदुआ, पीछे धीमी रफ्तार में चलती रही ट्रेन; ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा खतरा

 

भनवारटंक टनल में दिखा रोमांचक नजारा, पटरियों पर शान से चलता रहा जंगल का शिकारी; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

   छत्तीसगढ़। बिलासपुर-कटनी रेलखंड की भनवारटंक टनल में उस समय रोमांचक नजारा देखने को मिला, जब एक तेंदुआ अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गया। सामने तेंदुए को देखकर ट्रेन के चालक ने बिना घबराए रफ्तार कम कर दी। इसके बाद कुछ दूरी तक तेंदुआ पटरी पर आगे-आगे चलता रहा और ट्रेन उसके पीछे धीमी गति से चलती रही।

   वीडियो में तेंदुआ सुरंग के भीतर पटरियों पर बेफिक्र होकर चलता दिखाई दे रहा है। पीछे ट्रेन भी नियंत्रित रफ्तार से आगे बढ़ रही है। बताया जा रहा है कि तेंदुए को देखते ही चालक ने ट्रेन की गति कम कर दी, जिससे वन्यजीव को सुरक्षित निकलने का मौका मिल गया।

     जंगल की ओर निकल गया तेंदुआ

तेंदुआ कुछ दूरी तक पटरी पर चलता रहा। इसके बाद वह सुरंग के मुहाने से बाहर निकला और जंगल की ओर चला गया। इस दौरान ट्रेन चालक दल में शामिल किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

   चालक की सूझबूझ ने बचाई जान

तेंदुए के अचानक ट्रेन के सामने आने के बावजूद चालक ने धैर्य दिखाया और रफ्तार नियंत्रित रखी। इससे न केवल संभावित हादसा टला, बल्कि वन्यजीव की जान भी बच गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद चालक की सूझबूझ की चर्चा हो रही है।

    घने जंगलों से गुजरती है रेल लाइन

बिलासपुर-कटनी रेलखंड का बड़ा हिस्सा जंगलों से घिरा हुआ है। इस क्षेत्र में कई बार वन्यजीव रेलवे ट्रैक के आसपास दिखाई देते हैं। ऐसे में ट्रेनों की तेज रफ्तार वन्यजीवों के लिए खतरा बन सकती है। भनवारटंक टनल में सामने आए इस मामले में ट्रेन की गति कम होने से तेंदुआ सुरक्षित जंगल में निकल गया।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

खबरें और भी हैं...