19 गांवों में एक साथ दबिश; 400 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की 12 टीमों ने 5 खेतों से 26 हजार से अधिक पौधे उखाड़े
बड़वानी। सरकारी वन भूमि पर अवैध गांजे की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। बड़वानी पुलिस ने ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक के तहत दुर्गम पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी कर 27 क्विंटल से अधिक गांजे के पौधे जब्त किए। जब्त फसल की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 15 लाख रुपए से अधिक बताई गई है।
थाना वरला क्षेत्र में अवैध खेती की सूचना के बाद बड़वानी, खरगोन और खंडवा जिले के 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की 12 टीमों ने 19 गांवों में एक साथ सघन सर्चिंग अभियान चलाया। ड्रोन से संदिग्ध इलाकों की पहचान की गई, वहीं पुलिस जवानों ने दुर्गम पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में पैदल पहुंचकर तलाशी ली।
अभियान में डोकलियापानी, धवलियागीर, बागदरी, टाकियापानी और आड़नदी के दूरस्थ क्षेत्रों में गांजे की खेती वाले पांच खेत मिले। यहां से 26 हजार से अधिक पौधे जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार इन पौधों का कुल वजन 27 क्विंटल से अधिक है।
खास बात यह है कि कार्रवाई में सामने आए सभी खेत वन भूमि पर पाए गए हैं। अब वन विभाग से इन जमीनों के पट्टाधारियों और कब्जाधारियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वन और पहाड़ी क्षेत्रों में मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।