← वापस
इंदौर

सरेराह ₹5 हजार की रंगदारी मांगी, विरोध पर फैक्ट्री में घुसकर हमला; एक आरोपी गिरफ्तार  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
सरेराह ₹5 हजार की रंगदारी मांगी, विरोध पर फैक्ट्री में घुसकर हमला; एक आरोपी गिरफ्तार

 

चंदननगर में बदमाशों का आतंक, 20-25 लोगों के साथ पहुंचकर की मारपीट और आग लगाने की धमकी; वारदात सीसीटीवी में कैद

इंदौर। चंदननगर क्षेत्र में बदमाशों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। फैक्ट्री संचालक मोहम्मद अकरम ने आरोप लगाया कि कुछ बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोककर ₹5 हजार की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

फरियादी के अनुसार, वह किसी तरह मौके से निकलकर अपनी फैक्ट्री पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर बाद 20 से 25 लोगों के साथ बदमाश वहां पहुंच गए। आरोपियों ने फैक्ट्री में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ की तथा फैक्ट्री में आग लगाने की धमकी भी दी। पूरी घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

घटना के बाद मोहम्मद अकरम ने चंदननगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माऊहौल है।

खबरें और भी हैं...